सलेमपुर (देवरिया)। दीपावली की पूर्व संध्या पर आरएल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सलेमपुर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक पर आधारित भव्य झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की अनुपम छटा बिखेरी। झांकी में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और हनुमान सहित रामायण के विभिन्न पात्रों का रूप धारण किया। पारंपरिक वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से बच्चों ने श्रीराम के सत्य, त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन का संदेश दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं अंशु सिंह, ज्योति मद्धेशिया, आंचल वर्मा, साजिया, संध्या, विद्यावती एवं मिस पायल का विशेष योगदान रहा। शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। विद्यालय के प्रबंधक संदीप कुमार श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य संजय पांडेय ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर दीपावली के उत्साह और उल्लास से जगमगा उठा।







