दे०हे०सा। लोकसभा क्षेत्र सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ के प्रयासों से गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। सांसद के प्रस्ताव पर विभिन्न गांवों के 10 लाभार्थियों के उपचार हेतु कुल 11 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत लाभार्थियों में ग्राम पुरादाखिला, मोमिनाबाद सलेमपुर निवासी कमरुल होदा अंसारी को एक लाख रुपये, लोहरा बभनौली निवासी अजीत सिंह को एक लाख रुपये, अहिरौली बघेल, भाटपार रानी निवासी दिग्विजय सिंह को एक लाख रुपये तथा सिरजम खास निवासी श्रीमती कलपाती को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
ग्राम बढ़या हरदो निवासी रामलखन यादव को एक लाख पचहत्तर हजार रुपये, कुमारी शिखा यादव को एक लाख रुपये, बहियारी बघेल निवासी श्रीमती सुनीता देवी को दो लाख पचास हजार रुपये तथा रावतपार अमेठिया निवासी श्रीमती तारा देवी को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है। इसके अलावा बरहज क्षेत्र के बड़का गांव निवासी श्रीमती ज्ञांती देवी को एक लाख रुपये तथा मदनचक, चनुकी, भाटपार रानी निवासी हरिन्द्र यादव को 75 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि क्षेत्र के किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।









