भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष काली प्रसाद के स्वागत एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सलेमपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तर प्रदेश तथा राज्य सरकार सलाहकार समिति के सदस्य दीपक गौतम कन्नौजिया द्वारा ग्राम औरंगाबाद के मीरा लॉन मे किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित थे। शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे जिलाध्यक्ष काली प्रसाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से जिलाध्यक्ष का स्वागत किया और नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पार्टी के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि भाजपा की मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। सम्मानित किए गए कार्यकर्ताओं ने भी संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” है। इसी सोच के साथ भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा नेता दीपक गौतम कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का मॉडल बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य करती है। समारोह में जिले एवं प्रदेश स्तर के अनेक वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती तथा भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।









